Rajasthan Board RBSE Solutions for Class 7 Hindi Vyakaran विराम चिह्न Textbook Exercise Questions and Answers.
प्रश्न 1.
विराम चिह्न किन्हें कहते हैं? उनकी क्या उपयोगिता है?
उत्तर :
विराम का अर्थ है - विश्राम या रुकना। जो चिह्न पढ़ते या बोलते समय रुकने या कथन पर बल देने, समझाने का संकेत देते हैं, उन्हें विराम चिह्न कहते हैं। विराम चिह्नों का अत्यधिक महत्त्व है। इन चिह्नों के द्वारा कथित, पठित और लिखित अंश का अर्थ स्पष्ट हो जाता है। ये पदों, पदबंधों, वाक्यांशों अथवा वाक्यों को या तो अलग करते हैं या उनका परस्पर संबंध जोड़ते हैं। इनके प्रयोग से भाषा स्पष्ट और प्रभावशाली बनती है।
प्रश्न 2.
विराम चिह्नों का परिचय दीजिए।
उत्तर :
हिन्दी में अनेक विराम चिह्नों का प्रयोग किया जाता है। यहाँ कुछ प्रमुख विराम चिह्न दिए जा रहे हैं। जैसे -
1. अल्प विराम (,)
2. अर्द्धविराम (;)
3. पूर्ण विराम (।)
4. प्रश्नसूचक (?)
5. विस्मयसूचक (!)
6. योजक या समुच्चयबोधक चिह्न (-)
7. उद्धरण चिह्न (" ")
8. कोष्ठक चिह्न ()
9. लाघव चिह्न (०)
10. आदेश चिह्न (:-)
1. अल्प विराम (,) पढ़ते या बोलते समय अल्पावधि तक रुकने के लिए अल्प विराम चिह्न का प्रयोग किया जाता है। जैसे - राम, मोहन, सोहन और राजेश अच्छे मित्र हैं।
2. अर्द्धविराम (;) जहाँ अल्प विराम की अपेक्षा कुछ अधिक देर तक ठहरना पड़ता है, वहाँ अर्द्ध विराम चिह्न का प्रयोग किया जाता है। जैसे - सूरज निकल आया; अंधकार न जाने कहाँ लुप्त हो गया; पक्षी चहचहाने लगे।
3. पूर्ण विराम (।) इसका प्रयोग वाक्य के समाप्त होने पर किया जाता है। जैसे - तुम घर जाओ।
4. प्रश्नवाचक (?) इसका प्रयोग प्रश्नसूचक वाक्य के अन्त में किया जाता है। जैसे तुम कहाँ जा रहे हो?
5. विस्मयसूचक (!) विस्मय, हर्ष, शोक, आश्चर्य, घृणा आदि भावों को प्रकट करने शब्दों, वाक्यांशों के अन्त में विस्मयसूचक का प्रयोग किया जाता है। जैसे - हे हरि ! रक्षा करो।
6. योजक या समुच्चयबोधक चिह्न (-) दो शब्दों को जोड़ने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे-धीरेधीरे, मान-अपमान आदि।
7. उद्धरण चिह्न (" ") किसी के कथन को मूल रूप से लिखने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे - तिलक ने कहा था, "स्वतन्त्रता हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है।"
8. कोष्ठक चिह्न ( ) वाक्य में आए किसी शब्द के अर्थ को प्रकट करने के लिए या किसी बात अथवा नाम को स्पष्ट करने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे-मुझे मैट्रिक (दसवीं) का प्रमाण-पत्र दिखाओ।
9. लाघव चिह्न (०) किसी शब्द का संक्षिप्त रूप लिखने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे - डॉ. राजेन्द्र प्रसाद भारत के राष्ट्रपति थे।
10. आदेश चिह्न (:-) किसी विषय को क्रम से लिखना हो, तो विषय क्रम को व्यक्त करने के पूर्व इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे - वर्ण के दो भेद होते हैं:(1) स्वर (2) व्यंजन।
प्रश्न 3.
नीचे दिए गये अनुच्छेदों में विराम चिह्न लगाइए -
(क) मुझे नहीं पता सभी उसे सड़क कहते हैं सच कोई कोई रोड भी कहता है रोड
(ख) पर बच्ची काँप काँप कर माँ की छाती से और चिपक गयी बोली कुछ नहीं बस सुबकती रही ओ माँ ओ माँ।
उत्तर :
(क) मुझे नहीं पता। सभी उसे सड़क कहते हैं, सच। कोई-कोई रोड भी कहता है, रोड।
(ख) पर, बच्ची काँप-काँप कर माँ की छाती से चिपक गयी, बोली कुछ नहीं, बस सुबकती रही, "ओ माँ ओ माँ!"