RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

Rajasthan Board RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल Important Questions and Answers. 

Rajasthan Board RBSE Solutions for Class 10 Social Science in Hindi Medium & English Medium are part of RBSE Solutions for Class 10. Students can also read RBSE Class 10 Social Science Important Questions for exam preparation. Students can also go through RBSE Class 10 Social Science Notes to understand and remember the concepts easily. The class 10 economics chapter 2 intext questions are curated with the aim of boosting confidence among students.

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

वस्तुनिष्ठ प्रश्न

प्रश्न 1. 
लोगों का वह समूह जो सत्ता प्राप्त करने के उद्देश्य से समान विचारधारा के आधार पर एक संगठन बनाता है, कहलाता है- 
(अ) राजनीतिक दल 
(ब) दबाव-समूह 
(स) लोककल्याण समूह 
(द) हित-समूह 
उत्तर:
(अ) राजनीतिक दल 

प्रश्न 2. 
निम्न में से जो राजनीतिक दल का कार्य है, वह है-
(अ) सरकारी अधिकारियों से साँठ-गाँठ करना। 
(ब) मन्त्रियों और उद्योगपतियों के बीच सौदा तय कराना। 
(स) चुनाव लड़ना।
(द) बिना चुनाव लड़े सरकार पर दबाव डालना। 
उत्तर:
(स) चुनाव लड़ना।

प्रश्न 3. 
वह राजनीतिक दल जो सत्ता पर काबिज होता है, कहलाता है- 
(अ) विरोधी दल 
(ब) सत्ताधारी दल 
(स) छाया दल 
(द) लोककल्याण समूह 
उत्तर:
(ब) सत्ताधारी दल 

प्रश्न 4. 
निम्न में से किस देश में एकदलीय व्यवस्था है-
(अ) संयुक्त राज्य अमेरिका 
(ब) भारत 
(स) ग्रेट ब्रिटेन 
(द) चीन। 
उत्तर:
(द) चीन।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 5. 
निम्न में से किस देश में द्विदलीय व्यवस्था है? 
(अ) भारत
(ब) फ्रांस 
(स) संयुक्त राज्य अमेरिका
(द) पाकिस्तान।
उत्तर:
(स) संयुक्त राज्य अमेरिका

प्रश्न 6. 
राजनीतिक दल का प्रमुख हिस्सा हैं-
(अ) नेता
(ब) सक्रिय सदस्य 
(स) अनुयायी/समर्थक 
(द) उपर्युक्त सभी। 
उत्तर:
(द) उपर्युक्त सभी। 

प्रश्न 7. 
भारत में कौनसी दलीय व्यवस्था है?
(अ) एकदलीय 
(ब) द्विदलीय 
(स) त्रि-दलीय 
(द) बहुदलीय। 
उत्तर:
(द) बहुदलीय। 

प्रश्न 8. 
वर्ष 2017 में देश में राष्ट्रीय दलों की संख्या है-
(अ) दो
(ब) चार 
(स) सात
(द) छः। 
उत्तर:
(स) सात

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 9. 
भारत में गजनातिक दलों का पंजीकरण तथा उन्हें मान्यता प्रदान करने वाली संस्था कौनसी है? 
(अ) भारतीय निर्वाचन आयोग
(ब) उच्चतम न्यायालय 
(स) संसद
(द) राष्ट्रपति। 
उत्तर:
(अ) भारतीय निर्वाचन आयोग

प्रश्न 10. 
ऑल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस का निर्माण किसके नेतृत्व में हुआ? 
(अ) मायावती
(ब) जयललिता 
(स) ममता बनर्जी 
(द) सोनिया गाँधी।
उत्तर:
(स) ममता बनर्जी 

रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए-

1. अधिकतर लोग आम तौर पर राजनीतिक दलों के बारे में ......... राय रखते हैं। 
2. अमरीका जैसे कुछ देशों में .......... का चुनाव दल के सदस्य और समर्थक करते हैं। 
3. पुराने भारतीय जन संघ को पुनर्जीवित कर 1980 में .......... पार्टी बनी। 
4. 2019 के लोकसभा चुनाव में इंडियन नेशनल काँग्रेस पार्टी को ......... सीटें मिलीं। 
5. विधायकों और सांसदों को .......... करने से रोकने के लिए संविधान में संशोधन किया गया।
उत्तरमाला:
1. खराब 
2. उम्मीदवार 
3. भारतीय जनता 
4. 52 
5. दल-बदला

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1. 
राजनीतिक दल का प्रमुख गुण क्या है? 
उत्तर:
राजनीतिक दल एक संगठित समूह होता है। 

प्रश्न 2. 
किसी दल की पहचान किससे तय होती है? 
उत्तर:
किसी दल की पहचान उसकी नीतियों और उसके सामाजिक आधार से तय होती है। 

प्रश्न 3. 
शासक दल से क्या आशय है? 
उत्तर:
जिस दल का शासन हो या जिस दल की सरकार बनी हो, उसे शासक दल कहते हैं। 

प्रश्न 4. 
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना कब हुई? 
उत्तर:
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना सन् 1885 में हुई। 

प्रश्न 5. 
संयुक्त राज्य अमेरिका में किस प्रकार की दलीय व्यवस्था है? 
उत्तर:
संयुक्त राज्य अमेरिका में द्विदलीय राजनीतिक व्यवस्था है। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 6. 
किस देश में एकदलीय व्यवस्था है? 
उत्तर:
चीन में एकदलीय व्यवस्था है। 

प्रश्न 7. 
भारत के किन्हीं दो क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के नाम लिखिए। 
उत्तर:

  • द्रविड मुनेत्र कड़गम, 
  • अन्ना द्रविड मुनेत्र कड़गम। 

प्रश्न 8. 
राजनीतिक दल की परिभाषा दीजिए।
उत्तर:
राजनीतिक दल लोगों का एक ऐसा राजनैतिक संगठित समूह है जो संवैधानिक उपायों द्वारा सत्ता प्राप्त करने के लिए प्रयत्नशील रहता है।

प्रश्न 9. 
बहुजन समाज पार्टी के प्रेरणा स्रोतों का उल्लेख कीजिए। 
उत्तर:
बहुजन समाज पार्टी के प्रेरणा स्रोत महात्मा फुले, पेरियार, रामास्वामी तथा डॉ. अम्बेडकर हैं। 

प्रश्न 10. 
एक राजनीतिक दल के तत्त्वों के नाम लिखिए। 
उत्तर:
एक राजनीतिक दल के तीन तत्त्व होते हैं। ये हैं-

  • नेतागण, 
  • सक्रिय सदस्य और 
  • समर्थक सदस्य। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 11. 
राजनीतिक दल के कोई दो कार्य लिखिए।
उत्तर:
राजनीतिक दल के दो प्रमुख कार्य हैं-

  • चुनाव लड़ना और 
  • सरकार बनाना या विपक्ष की भूमिका निभाना।

प्रश्न 12. 
भारत में राजनीतिक दल चुनावों में उम्मीदवारों का चुनाव कैसे करते हैं? 
उत्तर:
भारत में राजनीतिक दलों के नेता ही चुनावों में उम्मीदवारों का चुनाव करते हैं। 

प्रश्न 13. 
विपक्षी दल क्या करता है?
उत्तर:
विपक्षी दल सरकार की गलत नीतियों और असफलताओं की आलोचना करते हुए अपनी राय को जनता के समक्ष रखता है।

प्रश्न 14. 
लोकतन्त्र में राजनीतिक दल की क्या आवश्यकता है? 
उत्तर:
लोकतन्त्र में जवाबदेही या उत्तरदायी सरकार हेतु राजनीतिक दलों की आवश्यकता है। 

प्रश्न 15. 
एकदलीय व्यवस्था से आप क्या समझते हैं?
उत्तर:
जब किसी देश में केवल एक ही दल को सरकार बनाने की अनुमति होती है तो उसे एकदलीय व्यवस्था कहते हैं।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 16. 
द्विदलीय व्यवस्था से क्या आशय है? 
उत्तर:
जहाँ सिर्फ दो ही दल सरकार बनाने के प्रबल दावेदार होते हैं, उसे द्विदलीय व्यवस्था कहते हैं। 

प्रश्न 17. 
बहुदलीय व्यवस्था को स्पष्ट कीजिए। 
उत्तर:
जब दो से अधिक दल सत्ता के लिए होड़ में हों तो उसे बहुदलीय व्यवस्था कहते हैं। 

प्रश्न 18. 
गठबंधन या मोर्चा किसे कहते हैं?
उत्तर:
जब किसी बहुदलीय व्यवस्था वाले लोकतांत्रिक राज्य में चुनाव लड़ने तथा सत्ता प्राप्ति हेतु अनेक राजनैतिक दल आपस में हाथ मिला लेते हैं, तो उसे गठबंधन या मोर्चा कहते हैं।

प्रश्न 19. 
विश्व के संघीय व्यवस्था वाले लोकतन्त्रों में कितने तरह के राजनीतिक दल हैं?
उत्तर:
विश्व के संघीय व्यवस्था वाले लोकतन्त्रों में दो तरह के राजनीतिक दल हैं-

  • प्रान्त स्तरीय राजनीतिक दल और 
  • राष्ट्रीय या संघीय राजनीतिक दल।

प्रश्न 20. 
राष्ट्रीय राजनीतिक दल कौनसे दल कहलाते हैं?
उत्तर:
जो दल संघ की सभी इकाइयों में या अनेक इकाइयों में अपना अस्तित्व रखते हैं, उन्हें राष्ट्रीय राजनीतिक दल कहा जाता है।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 21. 
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से क्या आशय है? 
उत्तर:
चुनाव आयोग द्वारा पंजीकृत राजनीतिक दलों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल कहते हैं। 

प्रश्न 22. 
भारत के दो राष्ट्रीय दलों के नाम लिखिए। 
उत्तर:

  • भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, 
  • भारतीय जनता पार्टी। 

प्रश्न 23. 
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा का उल्लेख कीजिए।
उत्तर:
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस' की विचारधारा में राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्षता, कमजोर तथा अल्पसंख्यकों के हितों पर बल दिया जाता है।

प्रश्न 24. 
कम्युनिस्ट पार्टी किन सिद्धान्तों में आस्था रखती है? 
उत्तर:
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवाद-लेनिनवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतन्त्र के सिद्धान्तों में आस्था रखती है। 

प्रश्न 25. 
राजनीतिक दलों की दो प्रमुख चुनौतियों का उल्लेख कीजिए। 
उत्तर:

  • राजनीतिक दलों के भीतर आन्तरिक लोकतन्त्र नहीं है। 
  • राजनीतिक दल वंशवादी नेतृत्व की चुनौती झेल रहे हैं।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 26. 
भारत में राजनीतिक दलों में सुधार के लिए सरकार ने क्या कदम उठाया है?
उत्तर:
सरकार ने विधायकों और सांसदों को दल-बदल करने से रोकने के लिए दल-बदल विरोधी कानून बनाया है।

प्रश्न 27. 
राजनीतिक दलों में सुधार के लिए चुनाव आयोग के किसी एक कदम का उल्लेख कीजिए। 
उत्तर:
चुनाव आयोग ने सभी दलों के लिए सांगठनिक चुनाव कराना और आयकर रिटर्न भरना जरूरी बना दिया है। 

प्रश्न 28. 
राजनीतिक दलों में सुधार के लिए कोई दो सुझाव दें।
उत्तर:

  • राजनीतिक दलों के आन्तरिक लोकतन्त्र हेतु कानून बनाया जाये। 
  • चुनाव का खर्च सरकार उठाये। 

लघूत्तरात्मक प्रश्न (Type-I)

प्रश्न 1. 
अधिकतर लोग आमतौर पर राजनीतिक दलों के बारे में क्या राय रखते हैं?
उत्तर:

  • अधिकतर लोग आमतौर पर अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक जीवन की हर बुराई के लिए दलों को ही जिम्मेवार मानते हैं।
  • वे सामाजिक और राजनैतिक विभाजनों के लिए भी दलों को ही दोषी मानते हैं। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 2. 
राजनीतिक दल के कोई चार कार्य बताइए। 
उत्तर:

  • राजनीतिक दल चुनाव लड़ते हैं। 
  • ये अलग-अलग नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता के समक्ष रखते हैं। 
  • राजनैतिक दल सरकार बनाते व चलाते हैं। 
  • ये देश के कानून निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। 

प्रश्न 3. 
तब क्या होगा जब राजनीतिक दल नहीं होंगे?
उत्तर:
अगर राजनीतिक दल नहीं होंगे तो चुनाव में प्रत्येक उम्मीदवार स्वतन्त्र रूप से खड़ा हो जायेगा। कोई उम्मीदवार सरकार की नीति सम्बन्धी कोई वायदा जनता के सम्मुख नहीं कर पायेगा। वह केवल अपने क्षेत्र के कार्यों के प्रति ही जिम्मेदारी लेगा। कोई भी देश के प्रति उत्तरदायी नहीं होगा।

प्रश्न 4. 
राजनीतिक दल जनमत का निर्माण किस प्रकार करते हैं?
उत्तर:
राजनीतिक दल मुद्दों को उठाते हैं और उन पर बहस करते हैं। विभिन्न दलों द्वारा विभिन्न समस्याओं के बारे में जनता के समक्ष जो अलग-अलग राय रखी जाती है, उन्हीं के इर्द-गिर्द ही समाज या जनता अपना जनमत बनाती है।

प्रश्न 5. 
राजनीतिक दल की विपक्ष की भूमिका को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
विधायिका में बहुमत हासिल न कर पाने वाले राजनीतिक दल शासक दल के विरोधी पक्ष की भूमिका निभाते हैं। वे विधायिका में सत्ता पक्ष से प्रश्न पूछकर उन्हें कटघरे में खड़ा करते हैं तथा जनता के समक्ष जनसभाओं द्वारा जन-जागरूकता को बढ़ाते हैं तथा सरकार को नियन्त्रण में रखते हैं।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 6. 
साम्यवादी चीन में किस प्रकार की दलीय व्यवस्था है? समझाइये।
उत्तर:
साम्यवादी चीन में एकदलीय राजनैतिक व्यवस्था है। वहाँ केवल साम्यवादी दल को ही शासन करने की अनुमति है। वहाँ चुनाव प्रणाली सत्ता के लिए स्वतन्त्र प्रतियोगिता की अनुमति नहीं देती। इसलिए कोई नया दल नहीं बन पाता है।

प्रश्न 7. 
दलीय गठबन्धन या दलीय मोर्चा से क्या आशय है? उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
जब किसी बहुदलीय व्यवस्था वाले देश में अनेक पार्टियाँ चुनाव लड़ने और सत्ता में आने के लिए आपस में हाथ मिला लेती हैं तो इसे दलीय गठबन्धन या दलीय मोर्चा कहा जाता है। जैसे-2004 के संसदीय चुनाव में भारत में ऐसे तीन प्रमुख गठबन्धन थे-

  • राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबन्धन,
  • संयुक्त प्रगतिशील गठबन्धन तथा
  • वाम मोर्चा ।

प्रश्न 8. 
बहुदलीय प्रणाली का एक गुण तथा एक दोष बताइए। 
उत्तर:
बहुदलीय प्रणाली का गुण-इसमें विभिन्न हितों और विचारों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल जाता है। दोष-अक्सर बहुदलीय प्रणाली देश को राजनीतिक अस्थिरता की तरफ ले जाती है।

प्रश्न 9. 
भारत में राजनीतिक दलों में जन-भागीदारी के स्वरूप को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
पिछले तीन दशकों के दौरान भारत में राजनीतिक दलों की सदस्यता का अनुपात धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। उदाहरण के लिए 1967 में यह अनुपात जहाँ 5% के आस-पास था, वह 2004 में बढ़कर 15 प्रतिशत के आस-पास हो गया है। यह अनुपात कनाडा, जापान, स्पेन और दक्षिण कोरिया जैसे विकसित देशों से भी ज्यादा है।

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 10. 
भारत में बहुदलीय व्यवस्था क्यों है?
उत्तर:
हर देश अपनी विशेष परिस्थितियों के अनुरूप दलीय व्यवस्था विकसित करता है। भारत की सामाजिक और भौगोलिक विविधताओं को समेट पाने में दो-तीन पार्टियाँ अक्षम हैं, इसलिए यहाँ बहुदलीय व्यवस्था विकसित हुई है।

प्रश्न 11. 
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर एक टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दल की स्थापना सन् 1885 में हुई। तब से लेकर अब तक इस दल में कई बार विभाजन हुए हैं। इस दल की प्रमुख नीतियाँ हैं-उदारवादी आर्थिक नीतियाँ, मध्यम मार्ग, धर्मनिरपेक्षता, कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यक वर्गों के हितों की रक्षा।

प्रश्न 12. 
बहुजन समाज पार्टी पर एक टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
बहुजन समाज पार्टी-बहुजन समाज पार्टी का गठन स्व. कांशीराम के नेतृत्व में सन् 1984 में हुआ। वर्तमान में मायावती इसकी नेता है। यह बहुजन समाज, जिसमें दलित, आदिवासी, पिछड़ी जातियाँ और धार्मिक अल्पसंख्यक शामिल हैं, के लिए राजनैतिक सत्ता हेतु प्रयासरत है। इस पार्टी का मुख्य आधार उत्तर प्रदेश में है।

प्रश्न 13. 
राजनीतिक दल की वंशवाद की चुनौती से क्या आशय है?
उत्तर:
वंशवाद की चुनौती से यह आशय है कि अनेक दलों में शीर्ष पद पर हमेशा एक ही परिवार के लोग आते हैं । यह दल के अन्य सदस्यों के साथ अन्याय है। इससे अनुभवहीन और बिना जनाधार वाले लोग ताकत वाले पदों पर पहुँच जाते हैं। यह प्रवृत्ति लगभग पूरे विश्व के राजनीतिक दलों में विद्यमान है।

प्रश्न 14. 
राजनीतिक दलों के बीच विकल्पहीनता की स्थिति की चुनौती को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
सार्थक विकल्प का मतलब होता है कि विभिन्न पार्टियों की नीतियों और कार्यक्रमों में महत्त्वपूर्ण अन्तर हो। हाल के वर्षों में दलों के बीच यह वैचारिक अन्तर कम होता गया है और यह प्रवृत्ति दुनिया भर में दिखती है। अतः जो लोग इससे अलग नीतियाँ चाहते हैं उनके लिए कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

लघूत्तरात्मक प्रश्न (Type-II)

प्रश्न 1. 
विश्व के संघीय व्यवस्था वाले लोकतंत्रों में कितने तरह के राजनीतिक दल हैं? 
उत्तर:
विश्व के संघीय व्यवस्था वाले देशों में दो तरह के राजनीतिक दल हैं-

  • संघीय इकाइयों में से सिर्फ एक इकाई में अस्तित्व रखने वाले दल। इन्हें क्षेत्रीय दल कहा जाता है। 
  • अनेक इकाइयों या संघ की सभी इकाइयों में अस्तित्व रखने वाले दल। इन्हें राष्ट्रीय दल कहा जाता है। 

प्रश्न 2. 
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की प्रमुख बातें बतलाइये। 
उत्तर:

  • नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी वर्ष 1999 में कांग्रेस पार्टी के विभाजन से बनी। 
  • यह पार्टी भारत की एक राष्ट्रीय पार्टी है। 
  • घड़ी इस पार्टी का चुनाव चिन्ह है। 
  • यह पार्टी लोकतंत्र, गांधीवादी धर्मनिरपेक्षता, समता, सामाजिक न्याय और संघवाद में आस्था रखती है। 
  • यह पार्टी सरकार के प्रमुख पदों को सिर्फ भारत में जन्मे नागरिकों के लिए आरक्षित करना चाहती है। 
  • यह दल महाराष्ट्र में प्रमुख ताकत होने के साथ ही यह मेघालय, मणिपुर और असम में भी ताकतवर है। 
  • वर्तमान (2020) में यह दल काँग्रेस के साथ महाराष्ट्र सरकार में भागीदार है। 
  • वर्ष 2004 से यह दल संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन में साझीदार है। 

प्रश्न 3. 
भारत में राजनीतिक दलों के सम्बन्ध में चुनाव आयोग की क्या भूमिका है?
उत्तर:
भारत में हर राजनीतिक दल को चुनाव आयोग में अपना पंजीकरण कराना पड़ता है। आयोग सभी दलों को समान मानता है पर यह बड़े और स्थापित दलों को कुछ विशेष सुविधाएँ देता है। इन्हें अलग चुनाव चिह्न दिया जाता है जिसका प्रयोग पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार ही कर सकता है। इस विशेषाधिकार और कुछ अन्य लाभ पाने वाली पार्टियों को 'मान्यता प्राप्त' दल कहते हैं।

प्रश्न 4. 
भारत के राजनीतिक दलों के समक्ष तीन चुनौतियाँ और तीन सुधारात्मक उपाय सुझाइए। 
उत्तर:
भारत के राजनीतिक दलों के समक्ष तीन प्रमुख चुनौतियाँ ये हैं-

  • दलों के भीतर आंतरिक लोकतंत्र का न होना। 
  • वंशवाद की चुनौती। 
  • पैसा और अपराधी तत्वों की राजनैतिक दलों में बढ़ती घुसपैठ। 

तीन सुधारात्मक उपाय-

  • राजनीतिक दलों के नियमित संगठनात्मक चुनाव अनिवार्य करवाये जाएँ। 
  • सरकार द्वारा चुनाव का खर्चा वहन किया जाए। 
  • राजनीतिक दलों के लिए आयकर की रिटर्न भरना अनिवार्य किया जाए। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 5. 
भारत में राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने के क्या मापदण्ड हैं?
उत्तर:
भारत में राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने के लिए कुछ मापदण्ड बने हुए हैं। अगर कोई राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव में पड़े कुल वोट का अथवा चार राज्यों के विधानसभा के चुनाव में पड़े कुल वोटों का 6 प्रतिशत हासिल करता है और लोकसभा के चुनाव में कम से कम चार सीटों पर जीत दर्ज करता है, तो उसे राष्ट्रीय दल की मान्यता मिलती है।

प्रश्न 6. 
भारत में सन् 2017 के अनुसार कितने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दल हैं? उनके नाम लिखिए। 
उत्तर:
वर्ष 2017 के अनुसार भारत में मान्यता प्राप्त सात राष्ट्रीय दल हैं। इनके नाम निम्न प्रकार हैं-

  • भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस। 
  • भारतीय जनता पार्टी 
  • बहुजन समाज पार्टी 
  • भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (सी.पी.आई-एम) 
  • भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सी.पी.आई.) 
  • भारतीय राष्ट्रवादी कांग्रेस 
  • ऑल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस। 

प्रश्न 7. 
ऑल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस दल का संक्षिप्त वर्णन कीजिए। 
उत्तर:
ऑल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस पार्टी का वर्णन निम्न बिन्दुओं में स्पष्ट है-

  • यह पार्टी 1 जनवरी 1998 को ममता बनर्जी के नेतृत्व में बनी। 
  • इसे 2016 में राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त हुई। 
  • 'पुष्प और तृण' इस पार्टी का प्रतीक है। 
  • यह दल धर्म निरपेक्षता और संघवाद के प्रति प्रतिबद्ध है। 
  • 2011 से पश्चिम बंगाल में सत्ता में है। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा में भी इसकी उपस्थिति है।
  • 2019 में हुए आम चुनाव में इसे 4.07 फीसदी वोट मिले और 22 सीटों पर जीत हासिल हुई, जिससे लोकसभा में यह चौथी सबसे बड़ी पार्टी बन गई। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

निबन्धात्मक प्रश्न

प्रश्न 1. 
भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की चार प्रमुख नीतियों-कार्यक्रमों को लिखिए। 
उत्तर:
भारतीय जनता पार्टी की चार प्रमुख नीतियाँ-कार्यक्रम-

  • सबका साथ सबका विकास 
  • समान नागरिक संहिता एवं धर्मान्तरण पर रोक का समर्थन 
  • भारत की प्राचीन संस्कृति और मूल्यों से प्रेरणा लेकर मजबूत और आधुनिक भारत बनाने का लक्ष्य 
  • जम्मू और कश्मीर को क्षेत्रीय और राजनीतिक स्तर पर विशेष दर्जा देने के खिलाफ।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की चार प्रमुख नीतियाँ-कार्यक्रम-

  • वैचारिक रुझान में मध्यमार्गी (न वामपंथी न दक्षिणपंथी) 
  • धर्मनिरपेक्षता की अवधारणा 
  • कमजोर वर्गों एवं अल्पसंख्यक वर्गों के हितों की रक्षा 
  • नई आर्थिक नीतियों का समर्थन। 

प्रश्न 2. 
राजनीतिक दल क्या है? भारत में राजनीतिक दलों में सुधार के लिए क्या प्रयत्न किए गए हैं?
अथवा 
भारत में राजनीतिक दलों के सुधार हेतु किए गए चार प्रमुख प्रयासों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
राजनीतिक दल-राजनीतिक दल लोगों का एक समूह होता है जो चुनाव लड़कर सरकार में राजनीतिक सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से कार्य करता है। यह सम्पूर्ण राष्ट्र के हितों को ध्यान में रखकर कुछ नीतियाँ और कार्यक्रम तय करता है।

भारत में राजनीतिक दलों तथा इनके नेताओं को सुधारने के लिए हाल ही में निम्नलिखित प्रयास किये गये हैं-
(1) दल-बदल रोक विधेयक-भारत में विधायकों और सांसदों को दल-बदल करने से रोकने के लिए संविधान में संशोधन किया गया। निर्वाचित प्रतिनिधियों के मन्त्री पद या धन के लोभ में दल-बदल करने में आई तेजी को देखते हुए ऐसा किया गया। नए कानून के अनुसार अपना दल बदलने वाले सांसद या विधायक को अपनी सीट भी गँवानी होगी। इस नये कानून से दल-बदल में कमी आई है, लेकिन इससे पार्टी में विरोध का स्वर उठाना अब और भी मुश्किल हो गया है।

(2) उम्मीदवारों को अपनी सम्पत्ति और अपने आपराधिक मामलों का ब्यौरा देना अनिवार्य उच्चतम न्यायालय ने पैसे और अपराधियों के प्रभाव को कम करने के लिए एक आदेश के द्वारा चुनाव लड़ने वाले हर उम्मीदवार को अपनी सम्पत्ति का और अपने खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों का ब्यौरा एक शपथ-पत्र के माध्यम से देना अनिवार्य कर दिया गया है। इस नयी व्यवस्था से लोगों को अपने उम्मीदवारों के बारे में बहुत-सी पक्की सूचनाएँ उपलब्ध होने लगी हैं।

(3) दलों को सांगठनिक चुनाव कराना-चुनाव आयोग ने एक आदेश के जरिये सभी दलों के लिए सांगठनिक चुनाव कराना जरूरी बना दिया है। दलों ने ऐसा करना शुरू भी कर दिया है। यह दलों में अन्दरूनी लोकतन्त्र स्थापित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।

(4) आयकर रिटर्न भरना अनिवार्य चुनाव आयोग ने सभी दलों के लिए आयकर रिटर्न भरना भी अनिवार्य कर दिया है। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 3. 
राजनीतिक व्यवस्था में दलीय व्यवस्था के विभिन्न प्रकारों को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
राजनीतिक दलीय व्यवस्था के प्रकार 
विश्व में राजनीतिक दलीय व्यवस्था के प्रमुख रूपों को मोटे रूप से तीन प्रकारों में विभाजित किया जा सकता है। ये हैं-(1) एकदलीय व्यवस्था, (2) द्विदलीय व्यवस्था और (3) बहुदलीय व्यवस्था। यथा

(1) एकदलीय व्यवस्था किसी देश में जब सिर्फ एक ही दल को सरकार बनाने और चलाने की अनुमति होती है, तो इसे एकदलीय व्यवस्था कहा जाता है। साम्यवादी चीन में सिर्फ साम्यवादी दल को ही शासन करने की अनुमति है, इसलिए वहाँ की दलीय व्यवस्था को एकदलीय कहा जाता है।

(2) द्विदलीय व्यवस्था-कुछ देशों में सत्ता आम तौर पर दो मुख्य दलों के बीच ही बदलती रहती है। वहाँ अनेक अन्य पार्टियाँ भी हो सकती हैं, वे चुनाव भी लड़कर कुछ सीटें जीत सकती हैं, पर सिर्फ दो ही दल बहुमत पाने और सरकार बनाने के प्रबल दावेदार होते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और ब्रिटेन में ऐसी ही दो दलीय व्यवस्था है।

(3) बहुदलीय व्यवस्था-जब अनेक दल सत्ता के लिए होड़ में हों और दो दलों से ज्यादा दलों के अपने दम पर या दूसरों से गठबन्धन करके सत्ता में आने के ठीक-ठाक अवसर हों तो इसे बहुदलीय व्यवस्था कहते हैं। भारत में भी ऐसी ही बहुदलीय व्यवस्था है।

प्रश्न 4. 
राजनीतिक दलों में सुधार के सुझाव दीजिए। 
उत्तर:
राजनीतिक दलों में सुधार के सझाव 
राजनीतिक दलों में सुधार के लिए अग्रलिखित सुझाव दिये जा सकते हैं-
(1) दलों में आंतरिक लोकतंत्र की स्थापना-राजनीतिक दलों के आंतरिक कामकाज को व्यवस्थित करने के लिए कानून बनाया जाए। सभी दल अपने सदस्यों की सूची रखें; अपने संविधान का पालन करें; विवाद की स्थिति में एक स्वतंत्र प्राधिकारी को पंच बनाएँ तथा सबसे बड़े पदों के लिए खुला चुनाव कराएँ।

(2) महिलाओं को आरक्षण-राजनीतिक दल महिलाओं को लगभग एक-तिहाई अनुपात में टिकट अवश्य दें तथा दल के प्रमुख पदों पर भी महिलाओं के लिए आरक्षण हो।

(3) सरकार चुनाव का खर्च उठाये-चुनाव का खर्च सरकार उठाये। दलों को चुनाव लड़ने के लिए धन दे। पिछले चुनाव में मिले मतों के अनुपात में यह मदद दी जाए।

(4) अन्य उपाय-राजनीतिक दलों पर लोगों द्वारा दबाव बनाया जाए। यह दबाव वे चिट्ठियाँ लिखकर, प्रचार करके व आंदोलनों के जरिये बना सकते हैं। यह काम आम नागरिक, दबाव समूह, आंदोलन और मीडिया के माध्यम से कर सकते हैं। दूसरे, सुधार की इच्छा रखने वाले लोगों को स्वयं राजनीतिक दलों में शामिल होना चाहिए।

प्रश्न 5. 
राजनीतिक दल का क्या अर्थ है? इनके कार्य बतलाइये। राजनीतिक दलों की आवश्यकता क्यों होती है?
उत्तर:
राजनीतिक दल का अर्थ राजनीतिक दल लोगों का एक ऐसा संगठित समूह होता है जो चुनाव लड़ने और सरकार में राजनीतिक सत्ता प्राप्त करने के उद्देश्य से काम करता है तथा समाज के सामूहिक हित को ध्यान में रखकर कुछ नीतियाँ और कार्यक्रम तय करता है।

राजनीतिक दल के कार्य-

  • दल चुनाव लड़ते हैं। 
  • दल अलग-अलग नीतियों और कार्यक्रमों को मतदाताओं के सामने रखते हैं। 
  • दल देश के कानून निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। 
  • दल ही सरकार बनाते और चलाते हैं। 
  • विपक्षी दल शासक दल के विरोधी पक्ष की भूमिका निभाते हैं तथा सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करते हैं। 
  • दल जनमत निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 
  • दल ही सरकार के कल्याण कार्यक्रमों को लोगों तक पहुँचाते हैं। 

राजनीतिक दलों की आवश्यकता-

  • लोकतन्त्र में यदि राजनीतिक दल नहीं होंगे तो देश कैसे चले इसके लिए कोई उत्तरदायी नहीं होगा। 
  • प्रतिनिध्यात्मक लोकतन्त्र में दल विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग विचारों को सामने लाते हैं। 
  • दल विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग विचारों को सरकार तक पहुँचाते हैं। 
  • ये एक जिम्मेदार सरकार का गठन करते हैं। 
  • ये सरकार पर अंकुश रखते हैं। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 6. 
बहुजन समाज पार्टी का संक्षिप्त वर्णन कीजिये। 
उत्तर:
बहुजन समाज पार्टी बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख बातों का वर्णन निम्न बिन्दुओं में स्पष्ट है-

  • बहुजन समाज पार्टी का गठन स्वर्गीय कांशीराम के नेतृत्व में सन् 1984 में किया गया। 
  • वर्तमान में यह भारत की एक राष्ट्रीय पार्टी है। 
  • बहुजन समाज पार्टी का चुनाव चिन्ह हाथी है।
  • यह पार्टी बहुजन समाज जिसमें दलित, आदिवासी, पिछड़ी जातियाँ और धार्मिक अल्पसंख्यक शामिल हैं, के लिए राजनीतिक सत्ता पाने का प्रयास और उनका प्रतिनिधित्व करने का दावा करती है।
  • यह पार्टी साहू महाराज, महात्मा फुले, पेरियार रामास्वामी नायकर और बाबा साहब आंबेडकर के विचारों और शिक्षाओं से प्रेरणा लेती है।
  • यह पार्टी दलितों और कमजोर वर्ग के लोगों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के मुद्दों पर सबसे ज्यादा सक्रिय है।
  • इस पार्टी का मुख्य आधार उत्तर प्रदेश में है, पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, दिल्ली और पंजाब में भी यह पार्टी पर्याप्त ताकतवर है।
  • अलग-अलग पार्टियों से अलग-अलग अवसरों पर समर्थन लेकर इसने उत्तर प्रदेश में चार बार सरकार बनाई। 
  • इस दल को 2019 के लोकसभा चुनाव में करीब 3.63 फीसदी वोट मिले, और 10 सीटें मिलीं।

प्रश्न 7. 
भारतीय जनता पार्टी के बारे में आप क्या जानते है? बताइये। 
उत्तर:
भारतीय जनता पार्टी भारतीय जनता पार्टी का वर्णन निम्न बिन्दुओं में स्पष्ट है-

  • पुराने भारतीय जन संघ को, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में गठित किया था, पुनर्जीवित करके 1980 में यह पार्टी बनी।
  • भारतीय जनता पार्टी भारत का एक राष्ट्रीय दल है। 
  • इस पार्टी का चुनाव चिन्ह 'कमल का फूल' है।
  • भारत की प्राचीन संस्कृति और मूल्य; दीनदयाल उपाध्याय के विचार-समग्र मानवतावाद एवं अंत्योदय से प्रेरणा लेकर मजबूत और आधुनिक भारत बनाने का लक्ष्य; भारतीय राष्ट्रवाद और राजनीति की इसकी अवधारणा में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद (या हिंदुत्व) एक प्रमुख तत्व है। 
  • यह पार्टी जम्मू और कश्मीर को क्षेत्रीय और राजनीतिक स्तर पर विशेष दर्जा देने के खिलाफ है।
  • भारतीय जनता पार्टी देश में रहने वाले सभी धर्म के लोगों के लिए समान नागरिक संहिता बनाने और धर्मांतरण पर रोक लगाने के पक्ष में है।
  • पहले देश के उत्तरी और पश्चिमी तथा शहरी इलाकों तक ही सिमटी रहने वाली इस पार्टी का पिछले कुछ समय से दक्षिण, पूर्व, पूर्वोत्तर तथा देश के ग्रामीण इलाकों में प्रभाव बहुत बढ़ा है।
  • राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेता की हैसियत से यह पार्टी 1998 में सत्ता में आई। गठबंधन में कई क्षेत्रीय दल शामिल थे।
  • 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में 303 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। 
  • अभी केंद्र में शासन करने में शासन करने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेतृत्व यही दल कर रहा है। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 8. 
इंडियन नेशनल कांग्रेस के बारे में आप क्या जानते है। वर्णन कीजिये। 
उत्तर:
इंडियन नेशनल कांग्रेस-इंडियन नेशनल कांग्रेस का वर्णन निम्न बिन्दुओं में स्पष्ट है-

  • इंडियन नेशनल कांग्रेस का गठन सन् 1885 में हुआ था। यह दुनिया के सबसे पुराने दलों में से एक है। 
  • इस पार्टी को आमतौर पर कांग्रेस पार्टी कहा जाता है। 
  • 1885 में गठन के बाद से अब तक इस दल में कई बार विभाजन हुए हैं। 
  • यह भारत का एक राष्ट्रीय दल है। 
  • आजादी के बाद राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर अनेक दशकों तक इसने प्रमुख भूमिका निभाई है।
  • जवाहरलाल नेहरू की अगुवाई में इस दल ने भारत को एक आधुनिक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने का प्रयास किया। .
  • हाथ के पंजे का निशान इस पार्टी का चुनाव चिन्ह है।
  • 1971 तक लगातार और फिर 1980 से 1989 तक इसने देश पर शासन किया। 1989 के बाद से इस दल के जन-समर्थन में कमी आई पर अभी भी यह पूरे देश और समाज के सभी वर्गों में अपना आधार बनाए हुए है।
  • यह दल मध्यमार्गी (न वामपंथी न दक्षिणपंथी) है।
  • इस दल ने धर्मनिरपेक्षता और कमजोर वर्गों तथा अल्पसंख्यक समुदायों के हितों को अपना मुख्य कार्यक्षेत्र बनाया है।
  • यह दल नयी आर्थिक नीतियों का समर्थक है पर इस बात को लेकर भी सचेत है कि इन नीतियों का गरीब और कमजोर वर्गों पर बुरा असर न पड़े।
  • वर्ष 2004 से 2014 तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार का नेतृत्व इसी दल ने किया। (13) वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में इसे 52 सीटें मिलीं। 

प्रश्न 9. 
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ( सी पी आई) की प्रमुख बातों का वर्णन कीजिये। 
उत्तर:
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सी पी आई) इस पार्टी की प्रमुख बातें निम्न बिन्दुओं में स्पष्ट हैं-

  • कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया का गठन सन् 1925 में हुआ। 
  • वर्तमान में यह भारत का एक राष्ट्रीय दल है। 
  • 'बाली-हंसिया' इस पार्टी का चुनाव चिन्ह है।
  • यह पार्टी मार्क्सवाद-लेनिनवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र में आस्था रखती है। साथ ही अलगाववादी और सांप्रदायिक ताकतों की विरोधी है।
  • यह पार्टी संसदीय लोकतंत्र को मजदूर वर्ग, किसानों और गरीबों के हितों को आगे बढ़ाने का एक उपकरण मानती है।
  • वर्ष 1964 में इस दल में फूट पड़ी और माकपा इससे अलग हुई। 
  • माकपा के अलग होने के बाद इसका जनाधार सिकुड़ता चला गया लेकिन केरल, पश्चिम बंगाल, पंजाब, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में अभी भी ठीकठाक स्थिति है।
  • वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में इसे 1 फीसदी से कम वोट और 2 सीट हासिल हुई।
  • मजबूत वाम मोर्चा बनाने के लिए यह पार्टी सभी वामपंथी दलों को साथ लाने की पक्षधर है। 

RBSE Class 10 Social Science Important Questions Civics Chapter 6 राजनीतिक दल

प्रश्न 10. 
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मास सिस्ट (सीपीआई-एम) के बारे में आप क्या जानते हैं? 
उत्तर:
इस पार्टी की प्रमुख बातें निम्न बिन्दुओं द्वारा स्पष्ट है-

  • इस पार्टी का गठन कम्प्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) से वर्ष 1964 में अलग होकर हुआ। 
  • यह पार्टी वर्तमान में भारत की एक राष्ट्रीय पार्टी है। 
  • 'हंसिया-हथौड़ा और तारा' इस पार्टी का चुनाव चिन्ह है। 
  • यह पार्टी मार्क्सवाद-लेनिनवाद में आस्था रखती है।
  • यह दल समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता तथा लोकतंत्र का समर्थन करता है और साम्राज्यवाद तथा सांप्रदायिकता का विरोध करता हैं।
  • यह दल भारत में सामाजिक-आर्थिक न्याय का लक्ष्य साधने में लोकतांत्रिक चुनावों को सहायक और उपयोगी मानता है।
  • इस दल का पश्चिम बंगाल, केरल और त्रिपुरा में बहुत मजबूत आधार है। 
  • गरीबों, कारखाना मजदूरों, खेतिहर मजदूरों और बुद्धिजीवियों के बीच इस दल की अच्छी पकड़ है।
  • यह पार्टी देश में पूँजी और सामानों की मुक्त आवाजाही की अनुमति देने वाली नयी आर्थिक नीतियों की आलोचक है।
  • पश्चिम बंगाल में यह पार्टी लगातार 34 वर्षों से शासन में रही। 
  • वर्ष 2019 के चुनाव में इसने करीब 1.75 फीसदी वोट और लोकसभा की 3 सीटें हासिल की।
admin_rbse
Last Updated on May 13, 2022, 7:27 p.m.
Published May 13, 2022